HomeBreaking Newsफोटो नहीं खींचने पर नशेड़ियों का खूनी उत्पात: चाकू-ब्लेड से हमला, 4...

फोटो नहीं खींचने पर नशेड़ियों का खूनी उत्पात: चाकू-ब्लेड से हमला, 4 युवक घायल, 7 आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  होली के दिन जहां पूरा शहर रंगों के उत्सव में डूबा हुआ था, वहीं शहर से लगे इमलीडुग्गू इलाके में नशे में धुत युवकों ने दहशत फैलाने के लिए खूनी खेल खेल दिया। काली मंदिर के पास सात युवकों ने चार लोगों पर चाकू, सर्जिकल ब्लेड और ईंट से हमला कर दिया, जिससे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।     

- Advertisement -

जानकारी के मुताबिक घटना 4 मार्च को होली के दिन दोपहर करीब 3:30 बजे की है। इमलीडुग्गू क्षेत्र के रहने वाले प्रवीण कुमार बरेठ, मुकेश कुमार यादव, धन सिंह और मोहन ठाकुर होली खेलकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान काली मंदिर के पास मौजूद नशे में धुत युवकों ने उनसे अपनी फोटो खींचने के लिए कहा। चारों युवकों ने उनकी बात को अनसुना कर आगे बढ़ना ही बेहतर समझा।

बताया जा रहा है कि फोटो नहीं खींचने की बात हमलावरों को नागवार गुजर गई। अपनी दहशत कायम रखने के इरादे से उन्होंने अपने पास मौजूद चाकू, सर्जिकल ब्लेड और पास में पड़ी ईंट से चारों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में एक युवक के पेट में गंभीर चोट आई, जिसकी देर रात शहर के एक बड़े निजी अस्पताल में सर्जरी की गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

कार्रवाई में देरी पर लोगों का फूटा आक्रोश

दोपहर में हुई इस घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का आरोप था कि पुलिस तत्काल कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया।

7 आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में नानू, लक्की, चिंटू सागर, राकेश, गिरिराज शर्मा, विकास और लव शुक्ला सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) और 191(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Must Read