छत्तीसगढ़/कोरबा :- नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा के तत्वावधान में स्कूली छात्र-छात्राओं की एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित “ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया स्कीम 2025” के अंतर्गत तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित की गई।
राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक शिविर के अंतर्गत 09 जनवरी 2026 को यह रैली जिला न्यायालय परिसर, कोरबा से प्रारंभ हुई। रैली को माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर, सेजेस स्कूल पोड़ीबहार एवं निर्मला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसाबाड़ी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेशों की तख्तियां लेकर तथा “नशा छोड़ो, स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ो” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
यह जागरूकता रैली जिला न्यायालय प्रांगण से कोसाबाड़ी होते हुए सुभाष चौक, विद्युत गृह स्कूल मार्ग से गुजरती हुई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में संपन्न हुई।कार्यक्रम में जिला न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता, शासकीय अभिभाषक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, स्कूलों के शिक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज की स्थापना में युवाओं और छात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने में सहायक सिद्ध होते हैं।


















