छत्तीसगढ़/कोरबा :- ग्रामीण से मारपीट और फिर पुलिस चौकी के भीतर आरक्षक के साथ हाथापाई करने के मामले में रामपुर विधानसभा के कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के प्रतिनिधि जयकिशन पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
घटना 31 दिसंबर की रात की है। जानकारी के अनुसार, विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने पहले ओमपुर में मंच के पीछे अपने मामा के बेटे राजेन्द्र जांगड़े के साथ मारपीट की और जातिगत अपमान करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उस समय वह शराब के नशे में बताया गया।
इसके बाद पीड़ित राजेन्द्र जांगड़े, आरक्षक विकास कोसले (आरक्षक क्रमांक 528, थाना करतला) के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचा। चौकी में आवेदन लिखे जाने के दौरान जयकिशन पटेल वहां पहुंचा और चौकी के भीतर ही आरक्षक विकास कोसले से गाली-गलौच करते हुए कहा—“तुम लोग मेरा क्या उखाड़ लोगे” और रात्रि गश्त अधिकारी व चौकी स्टाफ के सामने हाथ से मारपीट की।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
आरक्षक विकास कोसले की रिपोर्ट पर जयकिशन पटेल के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं, राजेन्द्र जांगड़े की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 351(3) BNS एवं अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
काउंटर केस भी दर्ज
दूसरी ओर, विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने भी आरक्षक विकास कोसले और राजेन्द्र जांगड़े पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने धारा 115(2), 3(5), 351(3) BNS के तहत काउंटर केस दर्ज किया है। मामले में आजाक थाना पुलिस ने जयकिशन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


















