छत्तीसगढ़/कोरबा :- मानसिक स्वास्थ्य आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुका है। इंटरनेशनल प्रेसिडेंट लायन ए. पी. सिंह द्वारा सत्र 2025-26 के लिए शुरू की गई 03 विशेष सेवा गतिविधियों में से एक “मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण” पर इस वर्ष विशेष पहल की जा रही है।
04 से 12 अक्टूबर 2025 तक पूरे विश्व के 210 देशों में यह सेवा सप्ताह आयोजित होगा। इसी कड़ी में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 सी (जो पूरे छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के एक तिहाई हिस्से को कवर करता है) के 138 लायंस क्लब मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विजय अग्रवाल ने बताया कि विश्व में करीब 97 करोड़ लोग मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं, जिनमें डिप्रेशन मुख्य है, हर साल लगभग 14 लाख लोग आत्महत्या का प्रयास करते हैं, जिनमें से करीब 7 लाख अपनी जान गंवा बैठते हैं, छात्रों में मानसिक दबाव की स्थिति और भी गंभीर है। शैक्षणिक दबाव और करियर की अनिश्चितता प्रमुख कारण हैं, लेकिन केवल 50% छात्रों को ही उचित मार्गदर्शन मिल पाता है, डिस्ट्रिक्ट 3233 सी के अंतर्गत कोरबा के 8 लायंस चैप्टर भी इस सेवा सप्ताह में सक्रिय रहेंगे। स्कूलों, आम नागरिकों, कर्मचारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें—मानसिक स्वास्थ्य पर परिचर्चा, योग, व्यायाम और आहार पर मार्गदर्शन, स्वस्थ जीवनशैली एवं आपसी संबंध सुधार, घरेलू सौहार्द और वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल
जैसे विषयों पर सेवा गतिविधियां की जाएंगी।


















