छत्तीसगढ़/कोरबा :– शहर से लगे हसदेव नदी गेरवाघाट के रेतघाट में रात के वक्त रेत की चोरी का खेल जारी है। रेतघाट से हो रही बेखौफ चोरी थमने का नाम नहीं ले रही बल्कि एक-दो दिन छोड़कर सप्ताह के पूरे दिन रेत खनिज का अवैध खनन व परिवहन किया जा रहा है। रेत से भरे ट्रैक्टर थाना व चौकियों के सामने से धड़धड़ाते हुए गुजर जाते हैं लेकिन रात के अंधेरे में आखिर कौन सा भंडारण इन्हें परिवहन और रायल्टी प्रदान करता है, किस निर्माण स्थल के लिए चोरी की रेत ले जाई जाती है, उस पर रोक लगाने की फुर्सत जिम्मेदार लोगों को नहीं है। रात 8 बजे से तड़के 5 बजे के मध्य रात के अंधेरे में चोरी का खेल सांठ-गांठ से खेला जा रहा है। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सख्त हिदायत को नजरअंदाज कर आखिर किसका संरक्षण इन रेत के चोरों को प्राप्त है, यह जांच का विषय भी है। बता दें कि पिछले महीने मुख्यमंत्री जो कि खनिज विभाग मंत्रालय भी अपने पास रखे हुए हैं, उनके द्वारा कोरबा खनिज विभाग के अधिकारी से लेकर ड्राईवर व सिपाही तक बदल दिए गए , लेकिन रेत चोरी में कमी नहीं आई है, सिंडीकेट बनाकर रेत की चोरी करने वालों पर शिकंजा नहीं कसा जाना एनजीटी के निर्देशों का भी उल्लंघन है।













