एल.टी. केबल शिफ्टिंग में देरी पर नोटिस के निर्देश, अवैध कब्जों पर भी प्रशासन का कड़ा रुख
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। जनदर्शन में कुल 139 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान सबसे सख्त रुख उस समय देखने को मिला जब रामपुर आईटीआई निवासी सुरेंद्र कुमार धुर्वे द्वारा पूर्व में दिए गए एल.टी. केबल शिफ्टिंग आवेदन पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत सामने आई। मामले में नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सीएसईबी शहरी के संबंधित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों पर भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में किसी को संरक्षण नहीं मिलेगा। सामुदायिक भवन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर भी नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण, मनरेगा मजदूरी भुगतान, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, वनाधिकार पट्टा, महतारी वंदन योजना, सड़क निर्माण तथा लंबित वेतन भुगतान जैसे कई मामलों के आवेदन पहुंचे। ग्राम कुरुडीह निवासी ओम पटेल ने प्रधानमंत्री आवास की अंतिम किश्त और मनरेगा भुगतान की मांग रखी, जबकि अंजोरपाली निवासी श्यामलाल प्रजापति ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की।
राताखार की जानकी केवट ने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन का आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर समाज कल्याण विभाग को पात्रतानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। वहीं सराईपाली की पीला बाई सारथी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग रखी।
सर्वमंगला भू-विस्थापित सहकारी समिति के 15 मजदूरों का छह माह से लंबित वेतन भुगतान का मामला भी जनदर्शन में उठा, जिस पर श्रम विभाग को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भूमि रजिस्ट्री और नामांतरण में त्रुटियों से जुड़े मामलों में भी राजस्व विभाग को जांच के आदेश दिए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













