छत्तीसगढ़/कोरबा :- नौतपा की तपिश से झुलस रहे कोरबा जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर तेज धूप और भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को उस समय राहत मिली, जब शाम होते-होते तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने जहां गर्मी का असर कम कर दिया, वहीं मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया। 
पिछले कई दिनों से नौतपा के कारण जिले में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा था। तेज बारिश के बाद तापमान में लगभग 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अचानक बदले मौसम से लोगों ने राहत की सांस ली। 
हालांकि तेज आंधी-तूफान का असर जिले के कई इलाकों में देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। एसपी कार्यालय के पास खड़ा एक सूखा पेड़ भी तेज हवाओं के दबाव में अचानक धराशायी हो गया। संयोगवश उस समय बारिश और तूफान के कारण लोगों की आवाजाही लगभग बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यदि उस समय वहां लोगों की आवाजाही रहती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। 
बारिश के चलते शहर की सड़कों पर कुछ समय के लिए पानी भर गया, वहीं बच्चों और युवाओं ने बारिश का आनंद लिया। नौतपा की भीषण गर्मी से परेशान नागरिकों के लिए यह बारिश किसी राहत भरे तोहफे से कम नहीं रही।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पेड़ों व बिजली के खंभों के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े नहीं होने की अपील की है।












