छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 149बी पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में डाला वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ग्राम पंचायत पताढ़ी के समीप हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने प्याज से लदे डाला वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डाला वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर टोल नाका राहत दल और पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है।
हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और गलत दिशा से आ रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
सूचना पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को सुचारू कराया। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर के रॉन्ग साइड से आने की बात सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

















