छत्तीसगढ़/कोरबा :- गर्मी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली और रविवार शाम को कोरबा जिले में तेज आंधी, बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच बदले मौसम ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को हैरान कर दिया। कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं मध्यम व हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में बारिश की बूंद तक नहीं गिरी।
शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज बिगड़ गया। कोरबा शहर में पहले हल्की बूंदाबांदी हुई और इसके बाद मध्यम स्तर की बारिश शुरू हो गई। अचानक चली आंधी के कारण लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर रखे सामानों को समेटते नजर आए। तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में राखड़ और कोल डस्ट भी हवा के साथ फैलती रही।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का असर अलग-अलग रहा। बालको क्षेत्र में तेज बारिश की खबर है, जबकि कटघोरा इलाके में भी जमकर पानी बरसा। पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में तेज बारिश दर्ज की गई, वहीं पाली क्षेत्र में मध्यम स्तर की बारिश हुई। करतला विकासखंड के कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का असर और अधिक देखने को मिला। जानकारी के अनुसार करतला ब्लॉक के ग्राम चाम्पा, चचिया तथा करतला-कुदमुरा के बीच के क्षेत्रों में जमकर ओले गिरे। इसी तरह कोरबा ब्लॉक के ग्राम डीडासरई, देवपहरी और बड़गांव समेत आसपास के इलाकों में भी ओलावृष्टि की सूचना मिली है। तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने से ग्रामीणों के लिए यह मौसम काफी चौंकाने वाला रहा। कई स्थानों पर करीब एक से डेढ़ घंटे तक बारिश होती रही। जिस हवा में आई नामी और ठंडा हवा का एहसास हुआ ।
इस बदले मौसम का असर किसानों पर भी पड़ सकता है। आम और चार की फसल लेने वाले किसानों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही रबी की फसल लेने वाले किसानों के लिए भी यह मौसम चिंता का कारण बन सकता है।
मौसम बिगड़ने के दौरान बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। शहर के कुछ हिस्सों में कुछ समय के लिए बिजली गुल हुई, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। वहीं उपनगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों जैसे पाली, रामपुर और करतला इलाके में एक घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और समाचार लिखे जाने तक कई क्षेत्रों में अंधेरा कायम था।



















