HomeBreaking Newsजनजागरूकता की मिसाल बनी जांजगीर–चांपा पुलिस की झांकी, प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान

जनजागरूकता की मिसाल बनी जांजगीर–चांपा पुलिस की झांकी, प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान

छत्तीसगढ़/जांजगीर–चांपा :- गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा प्रस्तुत जनजागरूकता झांकी ने न केवल आमजन का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि अपनी विषयवस्तु, प्रस्तुति और सामाजिक संदेश के कारण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। परेड ग्राउंड, हाई स्कूल मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में यह झांकी पहली बार जांजगीर–चांपा पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों और निर्णायक मंडल से भरपूर सराहना मिली। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में इस झांकी का भव्य एवं अनुशासित प्रदर्शन किया गया।       

- Advertisement -
महिला कमांडो बनीं झांकी की विशेष पहचान

झांकी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों—जांजगीर बाजार पारा, भीमा तालाब, जर्वेच, कोटमीसोनर, चांगेरी, अकलतरा साकर, चांपा कोसमदा एवं अमोरा—से आई महिला कमांडो टीम की सशक्त उपस्थिति ने नारी शक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। झांकी के आगे एवं पीछे तैनात महिला कमांडो नशा मुक्ति और महिला सशक्तिकरण की जीवंत प्रतीक बनीं।         

चार प्रमुख योजनाओं का प्रभावी प्रदर्शन

झांकी के माध्यम से पुलिस विभाग की चार महत्वपूर्ण जनहितकारी योजनाओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया—

■ नारी शक्ति एवं नशा मुक्ति अभियान
महिला कमांडो गांव-गांव जाकर अवैध शराब निर्माण व बिक्री की सूचनाएं एकत्र कर समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। यह पहल सामाजिक बदलाव की मजबूत कड़ी बन रही है।

■ ऑपरेशन उपहार
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु मोटरसाइकिल चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत जरूरतमंदों को निःशुल्क हेलमेट वितरित कर जीवन रक्षा का संदेश दिया जा रहा है।

■ सड़क सुरक्षा मितान योजना
दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को ‘राहवीर योजना’ के अंतर्गत सम्मानित कर मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण प्रस्तुत किया जा रहा है

स्वरोजगार योजनाएं (विजय श्री फाउंडेशन)

आदिवासी गोड़ समाज के लोगों को फिनाइल, कार वॉश जैसे उत्पादों के निर्माण से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस योजना से लोग नशे से दूर होकर सम्मानजनक आजीविका अपना रहे हैं।

पुलिस की इस जनजागरूकता झांकी ने सामाजिक सुधार, महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। यही कारण रहा कि प्रतियोगिता में इसे द्वितीय स्थान से सम्मानित किया गया।

Must Read