छत्तीसगढ़/कोरबा :- भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘मानव सेवा जल केंद्र’ इन दिनों जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है। एसपी कार्यालय के सामने सारनिया होटल के बगल में स्थापित इस केंद्र में प्रतिदिन सैकड़ों राहगीरों, कर्मचारियों, ग्रामीणों एवं जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क शीतल पेयजल, नींबू जलजीरा और शरबत उपलब्ध कराया जा रहा है। 
प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू की परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक प्याऊ संचालित करने की अपील की गई थी। इसी प्रेरणा से नगर पालिक निगम कोरबा के सहयोग से द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट ने नौतपा के दौरान इस जनसेवा अभियान की शुरुआत की थी। 
नौतपा समाप्त होने के बावजूद गर्मी और उमस का असर अभी भी बना हुआ है। ऐसे में ट्रस्ट ने सेवा कार्य को बंद करने के बजाय और अधिक सक्रियता के साथ जारी रखा है। परिणामस्वरूप प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर शीतल पेयजल, नींबू जलजीरा और शरबत का लाभ उठा रहे हैं। यह व्यवस्था न केवल लोगों की प्यास बुझा रही है, बल्कि उन्हें गर्मी और लू के प्रभाव से भी राहत प्रदान कर रही है। 
मानव सेवा जल केंद्र में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सेवा दी जा रही है। इसका लाभ एसपी कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, जिला एवं सत्र न्यायालय, सिविल लाइन थाना, स्टेट बैंक सहित आसपास स्थित विभिन्न सरकारी एवं निजी कार्यालयों में आने वाले नागरिक उठा रहे हैं। वहीं आसपास के दुकानदार और कर्मचारी भी यहां पहुंचकर ठंडा पानी एवं शीतल पेय का सेवन कर राहत महसूस कर रहे हैं। 
जल केंद्र के समीप जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत कार्यालय स्थित होने के कारण दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। पंचायत संबंधी कार्यों से कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के लिए यह केंद्र भीषण गर्मी में राहत का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। 
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नौतपा समाप्त होने के बाद भी मौसम में गर्मी और उमस बनी हुई है। ऐसे समय में मानव सेवा जल केंद्र लगातार लोगों की सेवा कर सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट निर्वहन कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे इस निःस्वार्थ सेवा कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है। 
गर्मी कम होने तक जारी रहेगा जनसेवा अभियान
द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मानव सेवा जल केंद्र की शुरुआत नौतपा के दौरान लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। हालांकि नौतपा समाप्त हो चुका है, लेकिन अभी भी तेज धूप और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से केंद्र में प्रतिदिन बढ़ रही लोगों की संख्या और उनकी आवश्यकता को देखते हुए सेवा कार्य निरंतर जारी रखा गया है। 
उन्होंने कहा कि “गर्मी अभी बाकी है, इसलिए सेवा भी जारी है। जब तक लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल जाती, तब तक मानव सेवा जल केंद्र के माध्यम से शीतल जल और शरबत वितरण का अभियान लगातार संचालित किया जाएगा।” 
संस्था के माध्यम से इस सेवा कार्य के लिए सहयोग करने के लिए कृपया इस मोबाइल नंबर 8871991491 पर संपर्क कर सकते हैं ।













