निष्पक्ष पत्रकारिता और तीक्ष्ण लेखनी के लिए किया गया सम्मान
छत्तीसगढ़/कोरबा :- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कोरबा की तेज-तर्रार महिला पत्रकार एवं साधना न्यूज चैनल की जिला ब्यूरो प्रमुख श्रीमती रेनू जायसवाल को उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के हाथों सम्मानित किया गया। 
श्रीमती रेनू जायसवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके निष्पक्ष, निर्भीक और प्रभावी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अपनी तीक्ष्ण लेखनी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण उन्होंने कोरबा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। पत्रकारिता जगत में उन्हें एक सक्रिय और जानी-मानी हस्ती के रूप में देखा जाता है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ बसंत मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीमती रेनू जायसवाल को मिले इस सम्मान पर कोरबा के पत्रकारों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। 



















