HomeBreaking Newsकलेक्टर ने रुकवाया अपना वाहन, क्षतिग्रस्त सड़क देखकर दिए तत्काल मरम्मत के...

कलेक्टर ने रुकवाया अपना वाहन, क्षतिग्रस्त सड़क देखकर दिए तत्काल मरम्मत के निर्देश

लेमरू–श्यांग मार्ग पर बड़े गड्ढे देखकर कलेक्टर ने बीच रास्ते रुककर किया निरीक्षण, पीडब्ल्यूडी को तुरंत मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान गुरुवार को लेमरू से श्यांग की ओर जाते समय कलेक्टर कुणाल दुदावत की नजर विमलता के आगे मोड़ पर क्षतिग्रस्त सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों पर पड़ी। स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्होंने तत्काल अपने वाहन चालक को गाड़ी रोकने के निर्देश दिए और स्वयं नीचे उतरकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया।

- Advertisement -

बताया गया कि यह मार्ग पहाड़ी और दूरस्थ ग्रामों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जहां से ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही होती है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए कलेक्टर ने मौके से ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े को फोन कर स्थिति से अवगत कराया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहे। उन्होंने कहा कि पहाड़ी और वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए नियमित निगरानी और समय पर सुधार कार्य किया जाना आवश्यक है।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए इस मार्ग की मरम्मत में किसी प्रकार की देरी न की जाए और जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Must Read