HomeBreaking Newsसमय पर नहीं खुले स्वास्थ्य केंद्र तो होगी कड़ी कार्रवाई

समय पर नहीं खुले स्वास्थ्य केंद्र तो होगी कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सितंबर तक ‘हमर स्वस्थ छत्तीसगढ़’ योजना में शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य

- Advertisement -

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सेवाओं में तेजी लाने और आम लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ‘हमर स्वस्थ छत्तीसगढ़’ योजना के तहत चल रहे स्वास्थ्य परीक्षण अभियान में सितंबर माह तक शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने को कहा। उन्होंने टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, सिकल सेल सहित विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों की नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बीएमओ और बीसीएम को घर-घर जाकर रैंडम स्वास्थ्य जांच करने तथा बीमारी की पहचान होने पर तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने को कहा।

टीकाकरण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

बैठक में मीजल्स-रूबेला टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के नियमित टीकाकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डॉक्टर समय पर पहुंचें, मरीजों को मिले उपचार

कलेक्टर ने जिले के सभी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचकर मरीजों का उपचार करें। उप स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को भी निर्धारित समय पर खोलने तथा वहां पहुंचने वाले मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर समय पर नहीं खुलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने अभियान

कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए पात्र और छूटे हुए हितग्राहियों के कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच खाद्य विभाग से 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों की सूची प्राप्त कर मितानिनों के सहयोग से उनके आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान चलाया जाए।

उन्होंने आभा आईडी की प्रगति में सुधार लाने तथा पीवीसी कार्ड वितरण में सितंबर माह तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। सेक्टरवार सुपरवाइजरों की बैठक लेकर शेष कार्डों की जानकारी प्राप्त करने और पात्र हितग्राहियों तक कार्ड पहुंचाने को कहा।

टीबी की स्क्रीनिंग और उपचार पर विशेष जोर

टीबी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वल्नरेबल जनसंख्या की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। एक्स-रे के माध्यम से संभावित और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टीबी जांच एवं उपचार कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

जन्म-मृत्यु का डाटा अपडेट रखने के निर्देश

कलेक्टर ने जन्म एवं मृत्यु से संबंधित जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के डाटा का नियमित संधारण करने को कहा। मृत्यु हो चुके हितग्राहियों के नाम संबंधित योजनाओं के अभिलेखों से नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए, ताकि शासकीय योजनाओं का डाटा अद्यतन रहे।

बैठक में लेप्रोसी, गैर-संचारी रोग, जननी पोर्टल, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं, मातृ मृत्यु, यू-विन, डिलीवरी रिपोर्टिंग, पोषण पुनर्वास केंद्र तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और आवासीय छात्रावासों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सिकल सेल, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, डेंगू, स्वाइन फ्लू, मीजल्स-रूबेला, डिप्थीरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। मोतियाबिंद के मरीजों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार एवं ऑपरेशन सुनिश्चित करने को कहा।

मौसम के अनुरूप मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष सावधानी बरतने तथा संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read