भाजपा सदस्यता अभियान 2024-25 में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिली पहचान
छत्तीसगढ़/कोरबा :- भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्यता अभियान 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य के लिए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश मंत्री सुश्री ऋतु चौरसिया को “सदस्यता श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास अटल नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर गौरवान्वित किया।
ऋतु चौरसिया कोरबा जिले की पहली महिला हैं जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा — “मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को यह सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व और खुशी का क्षण है। यह संगठन की समावेशी सोच और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।”
गौरतलब है कि सुश्री चौरसिया पूर्व में भी संगठन द्वारा कई बार सम्मानित हो चुकी हैं। बिलासपुर संभाग की पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रभारी रहते हुए उन्होंने संभाग स्तरीय भव्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया था। इसके अलावा वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्र सेविका समिति और देवपहरी समिति में सक्रिय रह चुकी हैं। भाजपा से महापौर पद की प्रत्याशी भी रह चुकी ऋतु चौरसिया अपने पिता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माननीय संघचालक स्व. रविंद्र कुमार चौरसिया के पगचिन्हों पर चलते हुए संगठन के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
ऋतु चौरसिया की संगठनात्मक सक्रियता, मृदुभाषी स्वभाव और जनसेवा के प्रति निष्ठा ने उन्हें क्षेत्र में लोकप्रिय बनाया है। उन्होंने इस सम्मान को सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता का परिणाम बताया।