छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब चोरों के निशाने पर केवल घर-दुकान ही नहीं बल्कि सरकारी व निजी संपत्तियां भी आ चुकी हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई ताबड़तोड़ चोरियों ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। हाईमास्ट टावरों से महंगी लाइटों की चोरी, स्कूल में सेंधमारी और पंचायत के बोर सिस्टम को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
सबसे बड़ी वारदात कुसमुण्डा थाना क्षेत्र में सामने आई है, जहां SECL साइडिंग में कार्यरत कंपनी की विद्युत व्यवस्था को चोरों ने निशाना बनाया। जगदम्बा इंजिनियर्स एंड बिल्डर्स, बीकानेर के प्रोजेक्ट इंचार्ज दामोदर प्रसाद सारस्वत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि लक्ष्मण साइलो साइडिंग में लगाए गए 30 मीटर ऊंचे 15 हाईमास्ट टावरों से 180 नग 400 वॉट की लाइटें चोरी कर ली गईं।
बताया गया कि 26 से 28 अप्रैल के बीच चोरों ने 33 हाईमास्ट टावरों में से 15 टावरों को निशाना बनाते हुए लाइटें उखाड़ लीं। इतना ही नहीं, विद्युत पैनल, वायरिंग और अन्य उपकरणों में भी तोड़फोड़ की गई। यह पूरी घटना गेवरा टिपर रोड पर दुर्गा माता मंदिर से गंगानगर क्रॉसिंग तक अलग-अलग स्थानों पर हुई। कंपनी प्रबंधन के अनुसार यह प्रोजेक्ट अभी SECL को हैंडओवर भी नहीं किया गया था। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, दर्री थाना क्षेत्र के सलिहाभाठा प्राथमिक शाला में भी चोरों ने गर्मी की छुट्टियों का फायदा उठाया। अज्ञात चोरों ने स्कूल की खिड़की तोड़कर और रॉड मोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा 4 सिलिंग फैन, 3 ट्यूबलाइट, 3 CFL बल्ब, एक साउंड बॉक्स और वायर बंडल चोरी कर लिया। प्रधान पाठक सुनील ने बताया कि स्कूल के सभी कमरों में ताले लगे हुए थे, लेकिन पीछे की खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी सफाईकर्मी ने फोन पर दी। पुलिस ने मामले में धारा 305 और 331(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुदरी-कुरुडीह में पंचायत की पेयजल व्यवस्था को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। ग्राम उपसरपंच किशन कुमार मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दोड़का खार मोहल्ला वार्ड क्रमांक 10 में पंचायत द्वारा लगाए गए बोर मशीन, पैनल, केबल और सर्विस वायर चोरी कर लिए गए। इसके अलावा ग्राम कुदरी में भी बोर कनेक्शन की सर्विस तार चोरी कर ली गई। मामले में पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से लोगों में भारी नाराजगी और दहशत है। आमजन का कहना है कि यदि पुलिस द्वारा जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरी की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













