HomeBreaking Newsमिशन मोड में पीएम सूर्यघर योजना, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

मिशन मोड में पीएम सूर्यघर योजना, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

जिले में हर घर तक सोलर बिजली पहुंचाने प्रशासन पूरी तरह सक्रिय

छत्तीसगढ़/कोरबा :- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जिले में प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने विद्युत विभाग, बैंकर्स एवं अधिकृत वेंडर्स की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने योजना को केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।       

- Advertisement -

कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना से आम नागरिकों को न केवल बिजली बिल में बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, बैंकर्स और वेंडर्स को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने को कहा।

वार्डवार शिविर, जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर जोर

कलेक्टर ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए वार्डवार शिविर आयोजित करने, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को प्रोत्साहित करने तथा ऑन-ग्राउंड जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

वेंडर्स को संसाधन बढ़ाने के निर्देश

बैठक में उपस्थित वेंडर्स को सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन की गति बढ़ाने हेतु पर्याप्त सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मटेरियल डंपिंग बढ़ाने तथा फील्ड इंजीनियरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लक्ष्यपूर्ति में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।

शासकीय भवनों को मिलेगी प्राथमिकता

कलेक्टर ने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, आश्रम-छात्रावासों एवं जल जीवन मिशन से जुड़े शासकीय भवनों में पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित आवेदनों की प्रत्येक चरण में नियमित समीक्षा कर अनावश्यक विलंब रोकने को कहा।

ट्रांसफार्मर खराब होने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

विद्युत अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में बैंकर्स एवं वेंडर्स से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई और उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता कोरबा शहरी विद्युत विभाग आर.एल. वर्मा, कार्यपालन अभियंता कोरबा ग्रामीण शत्रुघन सिन्हा, कार्यपालन अभियंता कटघोरा ग्रामीण संभाग अंशु वासने सहित उप अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अधिकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।

Must Read