छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में टैक्सी और यात्री वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुराना एवं नया बस स्टैंड टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और चालकों की विशेष बैठक आयोजित कर उन्हें संभावित अपराधों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। 
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बदलते समय में टैक्सी चालकों को केवल वाहन चलाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति भी सजग रहना आवश्यक है। अज्ञात यात्रियों की बुकिंग स्वीकार करने से पहले उनकी पहचान सुनिश्चित करना, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र की प्रति प्राप्त करना, यात्री का फोटो लेकर परिजनों या विश्वसनीय लोगों को भेजना तथा यात्रा के दौरान लाइव लोकेशन साझा करना जैसे उपाय अपनाने की सलाह दी गई। 
पुलिस ने विशेष रूप से रात्रिकालीन यात्राओं के दौरान सतर्क रहने, सुनसान क्षेत्रों में वाहन नहीं रोकने, मोबाइल फोन को हमेशा चार्ज रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि छोटी-सी सावधानी भी बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोक सकती है।
बैठक के दौरान कोरबा पुलिस द्वारा तैयार किए गए सुरक्षा जागरूकता पोस्टर और एडवाइजरी का वितरण भी किया गया। टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने इन सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और अन्य चालकों को भी जागरूक करने का भरोसा दिलाया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान
“पहचान पक्की, सफर सुरक्षित“ के संदेश के साथ कोरबा पुलिस टैक्सी चालकों को अपराधियों के संभावित निशाने से बचाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का मानना है कि यदि चालक हर यात्री की पहचान सत्यापित करें और यात्रा संबंधी जानकारी साझा करें तो लूट, मारपीट और धोखाधड़ी जैसी घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।













