HomeBreaking Newsमासूम की मौत पर निगम का एक्शन: पीड़ित परिवार को ₹1 लाख...

मासूम की मौत पर निगम का एक्शन: पीड़ित परिवार को ₹1 लाख की सहायता, आवारा कुत्तों के खिलाफ महाअभियान शुरू

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  दादरखुर्द बस्ती में आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर पालिक निगम कोरबा हरकत में आ गया है। शुक्रवार को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय पीड़ित परिवार से मिलने दादरखुर्द पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया तथा निगम की ओर से ₹1 लाख की अनुग्रह राशि का चेक मृतक के पिता किशोर पटेल को सौंपा।
रथयात्रा जाने निकला था मासूम, रास्ते में कुत्तों ने घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के मोहतरा गांव निवासी किशोर पटेल अपने परिवार के साथ दादरखुर्द में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना वाले दिन उनका बेटा प्रकाश रथयात्रा देखने जाने के लिए घर की ओर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घर के पास पहुंचते ही आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महापौर ने बंधाया ढांढस, हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भी घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान वार्ड पार्षद सुनीता चौहान और मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर भी मौजूद रहे।
22 आवारा कुत्ते पकड़े गए, सक्ती से बुलाई गई डॉग स्क्वॉड टीम
घटना के बाद निगम प्रशासन ने आवारा कुत्तों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को 22 आवारा कुत्तों को पकड़कर डॉग हाउस भेजा गया। अभियान को तेज करने के लिए नगर निगम की टीम के साथ पड़ोसी जिला सक्ती से भी डॉग स्क्वॉड बुलाया गया है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
महापौर और आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को अकेला बाहर न छोड़ें। उन्होंने कहा कि इस मौसम में कुत्ते अधिक आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि आवारा कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर भोजन न दें तथा उनकी जानकारी नगर निगम को देकर नसबंदी और नियंत्रण अभियान में सहयोग करें।
1040 कुत्तों का टीकाकरण, 425 की हो चुकी नसबंदी
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि नगर निगम अब तक 1040 से अधिक आवारा कुत्तों का टीकाकरण तथा 425 कुत्तों की नसबंदी (बर्थ कंट्रोल) करा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रगतिनगर, दर्री में पशु जन्म नियंत्रण एवं नसबंदी केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है, जहां आवारा कुत्तों के नियंत्रण और देखभाल की व्यवस्था की गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनकी रोकथाम को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब लोगों की नजर निगम प्रशासन के अभियान और उसके स्थायी परिणामों पर रहेगी।

Must Read