छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक से ठीक पहले गोलियों की गूंज से कोयलांचल दहल उठा।
जानकारी के अनुसार, 13वीं बटालियन मड़वारानी में पदस्थ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) का जवान तेसराम बिंझवार आज सुबह अपने ससुराल ग्राम महुआडीह (थाना हरदीबाजार) पहुंचा। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते उसने अपनी सर्विस रायफल इंसास से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
सबसे पहले आरोपी ने बाहर खड़ी अपनी साली मदालसा (17 वर्ष) पर तीन राउंड फायर किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गोली चलने से मची अफरा-तफरी में लोग घरों के अंदर छिप गए, लेकिन तभी आरोपी की मुलाकात उसके चाचा ससुर राजेश बिंझवार (35 वर्ष) से हो गई। आरोपी जवान ने उस पर भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया।
-
आरोपी जवान का नाम : तेसराम बिंझवार, 13वीं बटालियन मड़वारानी में पदस्थ।
-
वारदात का स्थान : ग्राम महुआडीह, थाना हरदीबाजार, कोरबा।
-
मृतक : साली मदालसा (17 वर्ष) और चाचा ससुर राजेश बिंझवार (35 वर्ष)।
-
हथियार : सर्विस रायफल इंसास (पुलिस ने जब्त कर लिया)।
-
आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इधर, मुख्यमंत्री साय कोरबा प्रवास पर हैं और कलेक्ट्रेट के नवीन सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक ले रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।