HomeBreaking Newsकोरबा प्रेस क्लब स्थापना दिवस पर पत्रकारिता के बदलते दौर पर मंथन,...

कोरबा प्रेस क्लब स्थापना दिवस पर पत्रकारिता के बदलते दौर पर मंथन, वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा प्रेस क्लब के स्थापना दिवस के अवसर पर तिलक भवन में आयोजित संगोष्ठी समारोह ने शहर की पत्रकारिता जगत को एक मंच पर एकत्र कर दिया। कार्यक्रम में जहां एक ओर पत्रकारिता के स्वर्णिम अतीत की यादें ताजा हुईं, वहीं वर्तमान दौर की चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर गंभीर मंथन भी देखने को मिला।

- Advertisement -

मंगलवार 31 मार्च 2026 को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कोरबा प्रेस क्लब के पूर्व संरक्षक प्रेमचंद जैन ने पांच दशक पुराने पत्रकारिता के दौर को याद करते हुए कहा कि पहले पत्रकारिता में निष्पक्षता और निर्भीकता सर्वोपरि थी। अधिकारियों से संबंध मधुर होते थे, लेकिन सच्चाई लिखने में कभी समझौता नहीं किया जाता था। उन्होंने वर्तमान दौर में “गोदी मीडिया” जैसे शब्दों के बढ़ते उपयोग को पत्रकारिता के लिए चिंताजनक बताया।

पूर्व अध्यक्ष किशोर शर्मा ने अपने 50 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता में व्यवसायिकता के प्रवेश के बाद नजरिया बदला है। पहले खबरों की गंभीरता और सामाजिक जिम्मेदारी सर्वोपरि होती थी, जो अब कम होती जा रही है।

वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ केडिया, छेदीलाल अग्रवाल, राजेंद्र पालीवाल, विजय खेत्रपाल और नौशाद खान ने भी अपने विचार रखते हुए कोरबा के विकास में पत्रकारों की भूमिका, पुरानी और नई पत्रकारिता के अंतर तथा बदलती चुनौतियों पर चर्चा की।

दैनिक भास्कर के क्लस्टर एडिटर अमित पुरोहित ने डिजिटल और न्यू मीडिया के दौर में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को मेहनत, निरंतर सीखने और तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलने की सलाह दी।

कार्यक्रम में संरक्षक मनोज शर्मा और महिला पत्रकार राजश्री गुप्ते ने भी औद्योगिक जिले कोरबा में पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे।   

उद्योग मंत्री ने किया सम्मान

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने वरिष्ठ पत्रकारों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

अपने उद्बोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि “पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो सच्चाई को सामने लाने का कार्य करते हैं। पत्रकारिता में निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्भीकता बेहद आवश्यक है, क्योंकि समाज वही मानता है जो मीडिया में दिखता और छपता है।” उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब को एक ऊर्जावान संस्था बताते हुए पत्रकारों के हितों में उसके योगदान की सराहना की।     

विकास कार्यों का लोकार्पण

तिलक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रेस क्लब में स्थापित एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम एवं स्क्रीन का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 35 खरमोरा क्षेत्र में एनटीपीसी के CSR मद से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल का वर्चुअल भूमिपूजन भी किया गया।

मंत्री देवांगन ने अपने संबोधन में राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर कार्य कर रही है और हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

Must Read