छत्तीसगढ़/कोरबा :- “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने जिलेभर में दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 60 चालकों, 5 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों, 8 मॉडिफाई वाहनों तथा नो पार्किंग में खड़े 27 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। 
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं यातायात इकाइयों द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट और मॉडिफाइड वाहनों की जांच की गई। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान में 60 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं 5 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए 8 वाहनों तथा नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े 27 वाहनों पर चालान किया गया। सभी मामलों में आगे की वैधानिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन न दें, अवैध मॉडिफिकेशन से बचें, मानक नंबर प्लेट का उपयोग करें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से पालन कर सुरक्षित यातायात में सहयोग करें।











