HomeBreaking Newsकोरबा पुलिस का एक्शन: फरार वारंटियों पर कसा शिकंजा, नशे में वाहन...

कोरबा पुलिस का एक्शन: फरार वारंटियों पर कसा शिकंजा, नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में दिनांक 18 जनवरी 2026 को जिलेभर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु दोहरी रणनीति के तहत विशेष अभियान चलाया गया। एक ओर लंबे समय से फरार वारंटी आरोपियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा को लेकर नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त शिकंजा कसा गया।

- Advertisement -

विशेष अभियान के तहत जिले के प्रत्येक थाना एवं चौकी स्तर पर पृथक-पृथक पुलिस टीमों का गठन कर स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए संभावित ठिकानों पर योजनाबद्ध दबिश दी गई। स्थानीय मुखबिर तंत्र, बीट सिस्टम एवं तकनीकी सूचनाओं के प्रभावी उपयोग से लंबे समय से न्यायालय में अनुपस्थित वारंटी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 42 गिरफ्तारी वारंट एवं 19 स्थाई वारंट सहित कुल 61 वारंटों की सफल तामिली की गई। सभी वारंटी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अभियान की सतत मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं श्री नीतीश ठाकुर द्वारा की गई, जबकि नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों ने पर्यवेक्षण किया।

इसी कड़ी में कोरबा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जिले के प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में की गई सघन जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 24 चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी संबंधित चालकों का ब्रेथ एनालाइजर एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया।

कोरबा पुलिस द्वारा कानून तोड़ने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। ऐसे विशेष एवं सघन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे l

Must Read