HomeBreaking Newsसिरमिना और रोदे में अवैध धान भंडारण, प्रशासन की  कार्रवाई

सिरमिना और रोदे में अवैध धान भंडारण, प्रशासन की  कार्रवाई

उपार्जन केंद्रों में अवैध धान आवक रोकने जिला प्रशासन की सतत मुहिम जारी

छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के तहत धान उपार्जन केंद्रों में अवैध धान की आवक पर रोक लगाने जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में जिलेभर में समितियों का निरीक्षण, गोदामों की जांच तथा संदिग्ध स्थलों पर छापामार कार्रवाई कर अवैध भंडारित धान पर नियन्त्रण स्थापित किया जा रहा है।       

- Advertisement -

इसी क्रम में विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम सिरमिना में नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, सहायक खाद्य अधिकारी सरोज उरेती, मंडी सब-इंस्पेक्टर आकाश भारद्वाज एवं दिनेश कुमार की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संतोष जायसवाल के घर से अवैध रूप से भंडारित 20 क्विंटल (50 बोरी) धान जब्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई इसलिए आवश्यक है ताकि पंजीकृत किसानों के नाम पर फर्जी विक्रय न हो सके और वास्तविक किसान अपनी उपज को ही केंद्रों में बेच सकें।

उक्त टीम ने इसके बाद दूरस्थ धान खरीदी केंद्र कोरबी का निरीक्षण भी किया। यहाँ अधिकारियों ने खरीदी कार्य की प्रगति जाँची तथा समिति को निर्देशित किया कि केवल पंजीकृत किसानों का ही धान क्रय किया जाए।

इसी अभियान के तहत दूसरी बड़ी कार्रवाई ग्राम रोदे में की गई। यहां संयुक्त दल द्वारा विकास जायसवाल के दुकान-सह-गोदाम में छापा मारकर 42 बोरी (16.80 क्विंटल) अवैध धान का भंडारण पकड़ा गया। मंडी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए बरामद धान को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। चूंकि धान दुकान/गोदाम में रखा पाया गया, अतः नियमानुसार इसे अस्थायी रूप से संबंधित व्यक्ति की सुपुर्दगी में दिया गया।जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध धान भंडारण, फर्जी खरीदी तथा नियम विरुद्ध विक्रय पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उपार्जन प्रक्रिया पारदर्शी और किसानों के हित में संचालित हो सके।

Must Read