HomeBreaking Newsसख्त संदेश के साथ आईजी का वार्षिक निरीक्षण, “सजग कोरबा – सतर्क...

सख्त संदेश के साथ आईजी का वार्षिक निरीक्षण, “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान को मिली नई धार

छत्तीसगढ़/कोरबा :- कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने कोरबा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

- Advertisement -
परेड में दिखा अनुशासन और दम

पुलिस लाइन कोरबा में आयोजित भव्य परेड निरीक्षण में पांच टोलियों ने भाग लिया। सभी जवानों का टर्नआउट और अनुशासन उत्कृष्ट रहा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 15 से अधिक पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पुलिसकर्मियों की समस्याओं का मौके पर समाधान

निरीक्षण के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं सीधे आईजी के समक्ष रखीं। कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जिससे पुलिस बल में संतोष और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।

क्राइम मीटिंग में कड़े निर्देश

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग में आईजी ने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, गंभीर मामलों की सतत निगरानी और कोर्ट प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी पर्यवेक्षण के निर्देश दिए।
साथ ही ‘सशक्त ऐप’ और ‘अनुभव QR कोड’ के माध्यम से जनता से फीडबैक लेने पर विशेष जोर दिया गया।

 “ऑपरेशन तलाश” को गति देने के निर्देश

गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र दस्तयाबी के लिए “ऑपरेशन तलाश” को और प्रभावी बनाने की बात कही गई। साथ ही चोरी के मामलों में दोपहिया वाहनों की रिकवरी तेज करने के निर्देश भी दिए गए।

 बालको थाना का सघन निरीक्षण

आईजी ने बालको थाना पहुंचकर मलखाना, रिकॉर्ड रूम, सीसीटीएनएस, पेट्रोलिंग व्यवस्था और रोजनामचा का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने पुराने माल के शीघ्र डिस्पोजल, वारंट-समंस की तामिली और बीट सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए।

पुलिस व्यवस्था में टेक्नोलॉजी का बढ़ता उपयोग

निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कोरबा पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रही है, जिससे अपराध नियंत्रण और नागरिक सहभागिता दोनों को मजबूती मिल रही है।

 “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान जारी

कोरबा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अब और तेज़ी से आगे बढ़ेगा। आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

          आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी

Must Read