घाटा द्वारी में सीसी रोड निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत, जिला पंचायत सीईओ से जांच की मांग
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत घाटा द्वारी में सीसी रोड निर्माण कार्य में गड़बड़ी और आर्थिक अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने जिला पंचायत सीईओ को शिकायत पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि लगभग 12 लाख रुपये की लागत से बने सीसी रोड का निर्माण निम्न गुणवत्ता के मैटेरियल से किया गया है। सड़क की सतह पर नुकीले बजरी और पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे लोगों का चलना जोखिम भरा हो गया है। इसके अलावा सड़क का निर्माण गंतव्य तक पूरा नहीं किया गया है, जिससे बरसात के मौसम में ग्रामीणों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। फाउंडेशन ने आरोप लगाया है कि शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है और पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्राम पंचायत बेला के सचिव पर मनमानी का आरोप, कलेक्टर से की गई शिकायत
जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत बेला में पदस्थ सचिव के खिलाफ ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने ग्रामीणों की शिकायत पर जिला कलेक्टर से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया है कि पंचायत सचिव पिछले लगभग छह महीनों से अपने कार्यक्षेत्र से नदारद हैं, जिससे पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पहले भी सामूहिक हस्ताक्षर युक्त शिकायत कलेक्टर को दी थी, जिसमें आर्थिक अनियमितता, शासकीय मद में गड़बड़ी और कार्यशैली को लेकर आरोप लगाए गए थे।
उप संचालक पंचायत द्वारा जांच कर अभिमत प्रतिवेदन जारी किए जाने के बावजूद शिकायतकर्ताओं को अब तक कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। वहीं सचिव के पास सोनगुढ़ा पंचायत का अतिरिक्त प्रभार भी है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से सचिव की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है।
गिरारी में जर्जर स्कूल भवन से पढ़ाई प्रभावित, नए भवन निर्माण की मांग
ग्राम पंचायत गिरारी में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन जर्जर हो चुका है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार फाउंडेशन ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर नए भवन के निर्माण या मरम्मत की मांग की है।
बताया गया है कि प्राथमिक शाला में करीब 90 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन भवन की खराब स्थिति के कारण फिलहाल पंचायत भवन में कक्षाएं लगाई जा रही हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
फाउंडेशन ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए स्कूल भवन के निर्माण अथवा मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।




















