HomeBreaking Newsलोकमार्ग पर स्टंट कर रील बनाने वाले चार स्कार्पियो चालक गिरफ्तार, वाहन...

लोकमार्ग पर स्टंट कर रील बनाने वाले चार स्कार्पियो चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

छत्तीसगढ़/कोरबा :- लोकमार्ग पर तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले चार स्कार्पियो वाहन चालकों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। साथ ही वाहनों में सवार बच्चों के पालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

- Advertisement -

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जनवरी 2026 को काले रंग की चार स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 12 BS 7298, CG 12 BL 3201, CG 12 BL 7861 एवं CG 12 BH 8214 लोकमार्ग बालको से आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी, सुभाष चौक, निहारिका, घंटाघर, महाराणा प्रताप चौक, सीएसईबी चौक होते हुए महाराजा होटल तक तेज गति एवं लापरवाही से खतरनाक स्टंट करते हुए चलाई जा रही थीं।

वाहनों में सवार युवक खिड़कियों से हाथ बाहर निकालकर शोर-शराबा करते हुए गाने बजा रहे थे, जिससे आम नागरिकों के जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। उक्त घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया।

मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 56/2026, धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों स्कार्पियो वाहनों को जब्त कर लिया गया तथा वाहन चालकों पवन यादव (निवासी भूलसीडीह), चंद्र कुमार कर्ष (निवासी एसईसीएल सुभाष ब्लॉक), रोहित पटेल (निवासी चंद्र नगर बरहमपुर) एवं मोहम्मद सहजाद खान (निवासी बरहमपुर, कोरबा) को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

इसके अतिरिक्त, स्टंट के दौरान वाहनों में सवार बच्चों के पालकों को बच्चों की सुरक्षा, सुरक्षित ढंग से वाहन में बैठाने एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर समझाइश दी गई।पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी स्टंट कर रील बनाने वाले एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

Must Read