छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर बढ़ती पर्यटक आवाजाही के बीच स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर वन विभाग ने एक सराहनीय पहल की है। कोरबा जिले के अत्यंत रमणीय पर्यटन स्थल रानी झरिया में वन विभाग द्वारा विशाल स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कोरबा वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव के निर्देशानुसार तथा एसडीओ आशीष खेलवार के मार्गदर्शन में, बालकों वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार ने अपने अमले के साथ नोवा नेचर वेल्फेयर सोसाइटी एवं स्थानीय ग्रामीण समितियों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान रानी झरिया पर्यटन क्षेत्र में फैली गंदगी को हटाकर स्थल को स्वच्छ और आकर्षक बनाया गया। सफाई उपरांत समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर भविष्य में पर्यटन स्थल को स्वच्छ बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन पर अजगरबहार एवं मखुरपानी क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। वन विभाग ने इस अवसर पर पर्यटकों से अपील करते हुए कहा—“प्राकृतिक धरोहर हमारी अमानत है। गंदगी फैलाकर इसे नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि स्वच्छ रखकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित करें।”
इस कार्यक्रम में एसडीओ आशीष खेलवार, बालकों रेंजर जयंत सरकार, मुख्य लिपिक कृष्ण कुमार, जितेंद्र सारथी, वन प्रबंधन अध्यक्ष सतपल सिंह कंवर, जनप्रतिनिधि लवभूषण प्रताप कंवर, रितेश कुमार गुप्ता सहित नोवा नेचर रेस्क्यू टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


















