छत्तीसगढ़/कोरबा :- “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के अंतर्गत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु “बच्चे रहे स्वस्थ” योजना के तहत आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में 28 फरवरी 2026, शनिवार को शुभ पुष्य नक्षत्र के अवसर पर नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से टीकाकरण किया गया।
ऋतु परिवर्तन में सुरक्षा कवच है स्वर्ण बिंदु प्राशन
इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि सर्दी की विदाई और गर्मी के आगमन के बीच का समय ‘संधिकाल’ कहलाता है। आयुर्वेद के अनुसार इस दौरान बाह्य प्रकृति के साथ शरीर में भी परिवर्तन होता है, जिससे सर्दी, खांसी, बुखार, वमन, अतिसार और चक्कर जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होने के कारण वे अधिक प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार से बच्चों का पाचन तंत्र सुदृढ़ होता है, धातुएं पुष्ट होती हैं तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। इससे वे ऋतु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रहते हैं।
कार्यक्रम में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, देवबली कुंभकार एवं पंचकर्म टेक्नीशियन रूबी विशेष रूप से उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


















