HomeBreaking Newsसरकारी मरीजों को निजी अस्पताल भेजने की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन...

सरकारी मरीजों को निजी अस्पताल भेजने की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त, डीन ने जारी किए कड़े निर्देश, निजी एम्बुलेंस व एजेंसियों पर रोक

छत्तीसगढ़/कोरबा :- सरकारी अस्पताल के मरीजों को निजी अस्पताल भेजे जाने के कथित धंधे को लेकर स्व. श्री बिसाहू दास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इस संबंध में प्रकाशित समाचार पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी की प्रत्यक्ष संलिप्तता नहीं पाई गई है।

- Advertisement -

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के. के. सहारे ने विस्तृत जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर में मरीजों को निजी अस्पताल भेजने जैसी गतिविधियाँ पूर्णतः अस्वीकार्य हैं। ऐसी किसी भी संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में किसी भी निजी एजेंसी या निजी एम्बुलेंस के खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

डीन डॉ. सहारे ने बताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में यदि इस प्रकार की किसी भी गतिविधि में संलिप्तता पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी प्रकार की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सहायक अस्पताल अधीक्षक एवं उप-अस्पताल अधीक्षक को सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

डीन ने दो टूक कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निःशुल्क शासकीय स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, तथा मरीजों के हितों से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Must Read