छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण, लगातार लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका को गंभीरता से लेते हुए कोरबा नगर पालिका निगम आयुक्त प्रभाकर पांडे आज स्वयं सड़क पर उतरे और सख्त कार्रवाई की। निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पूरे अमले के साथ उन्होंने सोनालिया से लेकर पुराना बस स्टैंड होते हुए सीतामढ़ी रोड तक सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर रखा गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। इसके कारण शहर में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है।
इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दो टूक कहा कि सड़क पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे तत्काल अपने सामान को निर्धारित सीमा के भीतर रखें, अन्यथा निगम द्वारा जब्ती, जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त प्रभाकर पांडे ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है, और इसके लिए अतिक्रमण को जड़ से खत्म करना जरूरी है।
उन्होंने व्यापारी बंधुओं से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब बिना किसी चेतावनी के सख्त कार्रवाई की जाएगी।













