छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में प्रभारी कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग एवं कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लंबित पत्रों का परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करते हुए हितग्राहियों को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाए। 
बैठक के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री पांडेय ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने, वेंडरों की संख्या बढ़ाने तथा इंस्टॉलेशन की गति तेज करने पर विशेष जोर दिया।
प्रभारी कलेक्टर ने मुख्य सचिव की बैठक से संबंधित एजेंडा बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा करते हुए भूमि अधिग्रहण, अवैध उत्खनन पर कार्रवाई, राजस्व प्रकरणों की प्रगति, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, पीएमजीएसवाय, स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही बाल सम्प्रेषण गृह, युक्तियुक्तकरण के अंतर्गत ज्वाइन नहीं करने वाले कर्मियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई, पीएमश्री विद्यालयों में सामग्री वितरण एवं निर्माण कार्य, विद्यार्थियों के अपार आईडी, पीएम आवास योजना में विद्युत मीटर स्थापना, शेष गांवों में विद्युतीकरण, विद्यालयों में पुस्तक वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण सहित जिले में संचालित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने अवैध विद्युत हुकिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए तथा जनगणना और डीएमएफ से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री पांडेय ने 6 फरवरी 2026 को एमपी नगर ग्राउंड के सामने घंटाघर चौक में आयोजित होने वाले स्वच्छता शपथ महासंकल्प 2026 हस्ताक्षर अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान को गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल कराने हेतु सभी विभागों के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में डीएफओ श्री निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, प्रेमलता यादव सहित जिले के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

















