HomeBreaking Newsकोरबा में नहीं थम रहा हाथी का आतंक, 24 घंटे में दूसरी...

कोरबा में नहीं थम रहा हाथी का आतंक, 24 घंटे में दूसरी महिला को बनाया निशाना, दर्दनाक मौत, गांव में दहशत 

छत्तीसगढ़/कोरबा :- कटघोरा वनमंडल से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जड़गा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिंझरा में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

- Advertisement -

मृतका की पहचान मीना बाई (36 वर्ष), पति रामकुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मीना बाई रोज़ की तरह अपने घर से बाड़ी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक जंगली हाथी सामने आ गया और हमला कर दिया। हमले में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन ठोस रोकथाम नहीं हो पाई।

गौरतलब है कि चैतमा क्षेत्र में हुई मौत के 24 घंटे के भीतर हाथी के हमले से यह दूसरी जान गई है, जिससे वन्यजीव-मानव संघर्ष की गंभीरता और बढ़ गई है। ग्रामीणों में भारी भय का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।

वन विभाग द्वारा क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों से जंगल और खेतों की ओर अकेले न जाने की अपील की गई है। वहीं प्रशासन ने मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा एवं सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लगातार हो रही घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासन और वन विभाग के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—
आखिर कब थमेगा हाथियों का आतंक और कब सुरक्षित होंगे ग्रामीण?

Must Read