छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत हाथी के हमले में एक 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति किसी तरह खाट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। यह हृदयविदारक घटना मंगलवार देर रात चैतमा वनपरिक्षेत्र के बारीउमराव गांव स्थित नीमपानी टोला की है।
मृतका की पहचान सुंदरी मझावार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुंदरी अपने पति टिकेश राम मझावार के साथ घर के आंगन में सो रही थी। देर रात एक अकेला हाथी गांव में घुस आया और जोर-जोर से चिंघाड़ने लगा। आवाज सुनते ही पति ने खाट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।
इसी दौरान सुंदरी घबराकर भागने लगीं, लेकिन हाथी ने उन्हें दौड़ाकर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पति किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने हाथी को भगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
DFO ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया गांव का दौरा
कटघोरा के डीएफओ निशांत झा ने सुबह जनप्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और ग्रामीणों से घटनाक्रम की जानकारी ली। वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है, वहीं नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
वन विभाग ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है, ताकि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय जंगल या खेत की ओर अकेले न जाएं और हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

















