HomeBreaking Newsएसईसीएल कुसमुंडा में 2100 करोड़ के कोयला घोटाले और बलरामपुर में अफीम...

एसईसीएल कुसमुंडा में 2100 करोड़ के कोयला घोटाले और बलरामपुर में अफीम खेती पर कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन, CBI जांच की उठाई मांग

छत्तीसगढ़/कोरबा :- गैर-राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने गुरुवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश से जुड़े दो गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयले की हेराफेरी और बलरामपुर जिले में अफीम की अवैध खेती पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

- Advertisement -

ज्ञापन में बताया गया है कि एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र में करीब 70 लाख टन कोयले की हेराफेरी होने का आरोप है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। संगठन का कहना है कि यह प्रदेश के खनिज संसाधनों की खुली लूट है। इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए ज्ञापन की प्रति सीबीआई को भी भेजी गई है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

इसके साथ ही संगठन ने बलरामपुर जिले में अफीम की अवैध खेती को लेकर भी चिंता जताई है। ज्ञापन में कहा गया है कि यह गतिविधि समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए तत्काल जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप मिरी के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन के दौरान प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी और संसाधनों की रक्षा के लिए संगठन प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुसमुंडा क्षेत्र में हजारों करोड़ का कोयला घोटाला हो रहा है और बलरामपुर में अफीम की खेती से समाज को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति से सीबीआई जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।

जिला संयोजक अतुल दास महंत ने कहा कि 70 लाख टन कोयले की हेराफेरी से प्रदेश की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा है और अफीम की खेती आने वाली पीढ़ी के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द जांच शुरू कर दोषियों को सजा नहीं दी गई तो छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल, प्रदेश आरटीआई प्रमुख जितेंद्र साहू, जिला संयोजक अतुल दास महंत, जिला अध्यक्ष एलएक्स टोप्पो, जिला सचिव विनोद सारथी, बसंत महंत (जिला सह सचिव), राजेश साहू (जिला संगठन मंत्री), कन्हैया सुंदर (जिला मीडिया प्रभारी), अशोक पटेल (भू-स्थापित) और गोविंद सारथी (खड़ प्रभारी) सहित संगठन के कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Must Read