छत्तीसगढ़/कोरबा जांजगीर :-छत्तसीगढ़ के कोरबा व जांजगीर-चांपा जिले से एक ही दिन में एक ही तरह के दो अलग-अलग मामले में नौ लोगों की जहरीली गैस रिसाव से मौत हो गई है, पहली घटना जांजगीर चांपा जिले से है यहां लकड़ी का एक टुकड़ा 5 लोगों के मौत का कारण बना,
जानकारी के मुताबिक आज 5 जुलाई को एक कुएं में 5 लोगों की जहरीली गैस रिसाव के कारण मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक रामचंद्र जायसवाल कुएं में गिरे लकड़ी के टुकड़े को निकालने के लिए उतरा हुआ था मगर वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इसके बाद उसके परिजनों ने पड़ोस के पटेल और चंद्रा परिवार से मदद मांगी। कुएं में गए शख्स को बचाने के लिए रमेश पटेल, जितेंद्र पटेल, राजेंद्र पटेल और टिकेश्वर चंद्रा नाम के चार लोग कुएं में उतर गए मगर वो भी बाहर नहीं निकल पाएं और उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में आने वाले किकिरदा गांव का है। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची इसके अलावा SDRF को भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस के मुताबिक कुएं में जहरीली गैस के रिसाव होने के कारण सभी लोगों की मौत हुई होगी, फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी मिल पाएगी । 
वहीं दूसरी घटना कोरबा जिले के कटघोरा थानांतर्गत ग्राम जुराली के डिपरा पारा में चार लोगों की कुुंआ में डूबने से मौत हो गयी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कुंआ में ग्रामीण के गिरने के बाद उसे बचाने के लिए बेटी कुंआ में कूद गयी। इसके बाद परिवार के ही दो अन्य लोग कुंआ में नीचे उतरे लेकिन सभी की मौत हो गयी। पुलिस मौके पर पहुंच गयी है। एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। जानकारी के मुताबिक ग्राम जुराली के डिपरा पारा में रहने वाला ग्रामीण जहरू आज कुंआ में अचानक गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पिता को बचाने उसकी बेटी कुंआ में कूद गयी। इस दौरान पिता-पुत्री के कुुंआ से बाहर नहीं निकलने पर दो अन्य लोग कुंआ में उतरे लेकिन वे सभी भी बाहर नही आये और अंदर ही बेहोश होकर गिर गये। घटना की जानकारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए मौके पर बुलवाया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में हड़कंप मची हुई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य में आज इस तरह का यह दूसरा मामला है।



















