छत्तीसगढ़/कोरबा :- ग्राम पंचायत रजगामार अनियमितता को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहता है। एक बार भी पंचायत मद की राशि का दुरुपयोग करने का आरोप सरपंच रामूला राठिया, सरपंच पति सुखराम राठिया पर उपसरपंच, क्षेत्र के जनपद सदस्य सहित 10 पंचों ने लिखित में शिकायत कर लगाया है। एक बड़ा आरोप यह है कि पंचायत क्षेत्र में 15वें वित्त के तहत ग्राम पंचायत में बिना प्रशासकीय व तकनीकी स्वीकृति के 54 बोर की खुदाई कराई गई है। उक्त कार्य की लागत 70 लाख 20 हजार रुपए में आंकी गई, लेकिन इसके स्थान पर सरपंच और सचिव ने मिलकर 74 बोर खुदाई का कार्य करना बताकर 96 लाख 20 हजार रुपए आहरित कर लिया। इसकी शिकायत के बाद भौतिक सत्यापन किया जा सकता है। कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में 15वें वित्त के साथ मूलभूत, पेंशन, वन अधिकार पट्टा व अन्य मद की राशि के गबन करने का आरोप है। शिकायत करने बालों में उपसरपंच के साथ रजगामार पंचायत के 10 वार्डों के पंचों में निर्मल, रजनी, विनीता, प्रतिमा, शीतल देवी, श्यामलाल, सुनीता, दुजबाई, पुष्पा सिदार के साथ जनपद सदस्य अंशु महिलांग के भी हस्ताक्षर हैं। जिन्होंने सरपंच, सरपंच पति व सचिव पर पंचायत मद की राशि की अनियमितता का आरोप लगाए हैं।
जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ताओं ने जांच कराकर अंतर की राशि की वसूली करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता उपसरपंच जितेन्द्र प्रसाद राठौर ने यह भी आरोप लगाया है कि 12 जनवरी को एक साथ 25 लाख 24 हजार रुपए का डीएससी द्वारा बिना कार्रवाई बैठक, बिना प्रस्ताव, बिना प्रशासकीय व तकनीकी मंजूरी व बगैर मूल्यांकन के अपने पसंद के वेंडर में राशि का भुगतान निजी लाभ के उद्देश्य से कर दिया है। इसकी जानकारी निर्वाचित पंचों को भी देनी उचित नहीं समझी गई।

















