HomeBreaking Newsकांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू — जमीनी स्तर पर मजबूत होगा...

कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू — जमीनी स्तर पर मजबूत होगा संगठन

सभी के समर्थन से बनेंगे जिलाध्यक्ष : डॉ. आर.सी. खुटिया

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कांग्रेस ने प्रदेशभर में “संगठन सृजन अभियान” की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य पार्टी को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है। इस अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आर.सी. खुटिया को मुख्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा और ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी पर्यवेक्षक की भूमिका में रहेंगे।

- Advertisement -

डॉ. खुटिया 5 से 13 अक्टूबर तक जिले में रहकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर जिलाध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। इसी संबंध में उन्होंने सोमवार को टीपी नगर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारवार्ता ली।

डॉ. खुटिया ने कहा कि —

“अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही जिलाध्यक्षों के नाम तय किए जाएंगे। उद्देश्य यह है कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त बनाया जाए।”

उन्होंने बताया कि 25 से 55 वर्ष के बीच के कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष पद के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। कोई भी योग्य व्यक्ति, चाहे वह प्रधान या पंचायत सदस्य रहा हो, चुनाव लड़ सकता है, बशर्ते कि उसमें सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता और पिछले पांच वर्षों का सक्रिय संगठनात्मक अनुभव हो।

डॉ. खुटिया ने कहा कि नाम का चयन सर्वसम्मति से होना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि गुजरात, मध्यप्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों में वे इसी अभियान के तहत काम कर चुके हैं और अब छत्तीसगढ़ में इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।

पत्रकारवार्ता में पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, राजेंद्र तिवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, श्यामलाल कंवर, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नाथूलाल यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

प्रदेश में भ्रष्टाचार पूरी तरह से हावी : डॉ. चरणदास महंत

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि अगर यह सत्य है कि वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर को भाजपा सरकार में हाउस अरेस्ट किया गया है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा —

“ननकीराम कंवर आदिवासी, श्रमिक और मजदूर वर्ग के हितैषी नेता हैं। भले ही वे विपक्ष के नेता हों, परंतु मैं उनका सम्मान करता हूं। हमने कई बार साथ में दौरे भी किए हैं।”

डॉ. महंत ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार प्रदेश में चरम पर है, चाहे वह मंत्री स्तर का हो या अधिकारी स्तर का। कोरबा में तो इसकी पराकाष्ठा हो चुकी है — डीजल चोर और रेत चोर खुलेआम सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा मुखर रही है और आगे भी रहेगी।

Must Read