लखन लाल देवांगन को कोरबा विधानसभा का प्रत्याशी बनाए जाने पर संगठन के प्रति जताया आभार
छत्तीसगढ़/कोरबा :- भारतीय जनता पार्टी के द्वारा कोरबा विधानसभा सीट के लिए प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
प्रत्याशी घोषित किए जाने के पश्चात लखनलाल देवांगन ने जिला भाजपा कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज में पत्रवार्ता आहूत कर संगठन और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक सामान्य से कार्यकर्ता पर जो भरोसा जताया है, वे उसमें आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से खरे उतरेंगे।
श्री देवांगन ने कहा कि मुझमें दिग्गजों को चुनाव हराने का माद्दा है। जनता ने हमेशा मुझ पर भरोसा जताया है। कोरबा की जनता बहुत ही सुलझी हुई है जो नि:संदेह बदलाव चाहती है। उन्होंने बताया कि जब पहला चुनाव पार्षद का लड़ा तब तत्कालीन गृहमंत्री के रिश्तेदार से उनका मुकाबला रहा। पार्षद के चुनाव में स्वयं तत्कालीन गृहमंत्री ने क्षेत्र में आकर प्रचार भी किया लेकिन जनता ने मुझे मौका दिया और दिग्गज प्रत्याशी को मैंने हराया। इसके बाद महापौर के चुनाव का अवसर प्राप्त हुआ जिसमें भी धन-बल में संपन्न और कद्दावर प्रत्याशी से मुकाबला रहा और यहां भी मुझे जनता ने अपना स्नेह व आशीर्वाद दिया। कटघोरा विधानसभा से चुनाव लडऩे का अवसर पार्टी ने दिया जिसमें ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए 7 बार के विधायक बोधराम कंवर को परास्त किया। इसके बाद पुरूषोत्तम कंवर के विरूद्ध मुझे पुन: प्रत्याशी बनाया गया लेकिन अपरिहार्य कारणों से अवसर प्राप्त नहीं हुआ किंतु जनता का स्नेह मुझे निरंतर मिलता आ रहा है। एक बार पुन: संगठन ने विधानसभा चुनाव के लिए मुझ पर भरोसा जताया है और कोरबा विधानसभा से प्रत्याशी तय किया है। कोरबा विधानसभा से चुनाव लडऩा मेरे लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण है लेकिन इस चुनाव में लडऩे का भी मजा आएगा। प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल धन-बल में काफी मजबूत हैं और इस मजबूती के सामने एक जमीन से जुड़े मध्यम वर्गीय प्रत्याशी का मुकाबला विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए भी रोचक होगा। श्री देवांगन ने कहा कि महापौर कार्यकाल में मेरे द्वारा नगर पालिक निगम क्षेत्र में विकास के अनेकों कार्य किए गए जिसे आज भी जनता ने याद रखा है। नि:संदेह जनता के प्रति मेरे निरंतर जुड़ाव और क्षेत्र के मतदाताओं और संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से कोरबा विधानसभा का यह चुनाव न सिर्फ ऐतिहासिक होगा बल्कि परिणाम भी बदलाव वाले होंगे।
इस अवसर पर भाजपा नेता अनूप अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, तुलसी ठाकुर, अजय विश्वकर्मा, पार्षद अब्दुल रहमान, नरेंद्र देवांगन, मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा, पवन सिन्हा आदि उपस्थित रहे।
वही मीडिया को जारी किए गए प्रेस विज्ञप्ति में जिस प्रकार उन्होंने कहा कि मुझे दिग्गजों को चुनाव हराने का मुझमें माद्दा है, अब सवाल उठता है कि तो क्या और दावेदारों में माद्दा नहीं था, उनके कहे गए इन शब्दों में कहीं न कहीं उनका आत्मविश्वास झलकता है लेकिन ओवरकॉन्फिडेंस से भी इनकार नहीं किया जा सकता है जिसे अहंकार का जननी कहा जा सकता है, बेशक पार्टी ने कोरबा विधानसभा सीट पर एक अच्छे काबिल प्रत्याशी के साथ-साथ लोकल वाद का कार्ड खेला है लेकिन स्थानीय पार्टी में गुटबाजी, कार्यकर्ताओं मे रिचार्ज की कमी और इस सीट से चुनाव लड़ने की आश रखने वाले लोगों को भी नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है वैसे स्थानीय संगठन पिछले 5 वर्षों में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाया है क्षेत्र में राखड़ और सरकारी जमीनों कि जिस प्रकार लूट हुई उस पर स्थानीय भाजपा संगठन कोई खास आवाज ना उठाते हुए खामोश रहा जिससे लोगों में संगठन के प्रति नाराजगी तो देखी ही जा रही है साथ-साथ दिग्गजों को चुनाव हारने का मुझमें माद्दा है के शब्दों के साथ प्रेस विज्ञप्ति जारी करना कहीं ना कहीं संगठन की ओर से अच्छे संकेत नहीं है, अब यह शब्द लखन लाल देवांगन जी ने बोला है या नहीं यह तो प्रेस विज्ञप्ति जारी करने वाले ही जाने । वही इनके प्रतिद्वंदी पार्टी के प्रत्याशी जो इस विधानसभा से चुनाव लड़ते रहे हैं और प्रदेश में उनकी सरकार नहीं होने पर भी इस सीट से जीत हासिल करते रहे हैं जब अब उनकी प्रदेश में सत्ता है और एक बहुत ही काबिल पद पर बैठे हुए हैं ऐसे में उन्हें अब कमजोर आंकना कहीं ना कहीं सबसे बड़ी भूल कहा जा सकता है । जरूरत है संगठन को एकजुट होकर ताकत दिखाने की और रूठो को मनाने की ।













