HomeBreaking Newsसफाई व्यवस्था दुरुस्त रखकर मॉडल वार्ड बनाएंः कलेक्टर कुणाल दुदावत

सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखकर मॉडल वार्ड बनाएंः कलेक्टर कुणाल दुदावत

होली के दौरान पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने दिए निर्देश, पीएम आवास के कार्यों को पूर्ण करने के दिये निर्देश, कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक

छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज नगरीय निकायों की विभागीय समीक्षा बैठक लेते हुए निर्देशित किया कि सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए और प्रत्येक वार्ड को मॉडल वार्ड के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल उपलब्धता की विशेष तैयारी अभी से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी निकाय में गर्मी के दौरान पानी की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में कलेक्टर ने प्रत्येक वार्ड में पानी की मांग के अनुरूप टैंकर की उपलब्धता, आवश्यकता अनुसार बोर निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने तथा बारिश से पूर्व पानी टंकियों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी के साथ उन्होंने सीवरेज लाइन की समुचित सफाई और नियमित निरीक्षण की आवश्यकता बताई।
कलेक्टर दुदावत ने नगरीय निकायों में समेकित कर एवं संपत्ति कर वसूली को बढ़ाने हेतु ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी होली पर्व को ध्यान रखते हुए वार्डों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और त्यौहार के दौरान विशेष स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान हर वार्ड में टीमों की विशेष तैनाती और सक्रियता आवश्यक है।
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छता सुधार पर जोर देते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण करने, सफाई व्यवस्था व्यवस्थित रखने और नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने वार्डों में स्वच्छता के लिए विशेष कैंपेन चलाने तथा अध्यक्ष, पार्षदों सहित जनप्रतिनिधियों को इसमें सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश दिए।
गोधाम निर्माण हेतु प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने सामाजिक सहायता पेंशन के हितग्राहियों के ई-केवाईसी कार्य को गति देने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित निर्माणों को शीघ्र प्रारंभ करने और प्रगति पर चल रहे कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 एवं 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने जियो-टैगिंग समय पर पूर्ण करने और हितग्राहियों को किस्त राशि समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जॉन कमिश्नरों को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए कहा। पीएम स्वनिधि के प्रकरणों में बैंक के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी लंबित प्रकरणों को स्वीकृत करने तथा योजना में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
नगरी निकायों की मासिक समीक्षा बैठक में नगर निगम कोरबा के आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरवेले, अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा सभी जोन कमिश्नर तथा पाली, छुरी, कटघोरा, दीपका, बाक़ीमोंगरा के सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Must Read