युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच और ठेका निरस्त करने की उठाई मांग
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के SECL गेवरा ओपन कास्ट परियोजना में कोयला चोरी के गंभीर आरोप सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में भारतीय युवा कांग्रेस, कोरबा (शहर एवं ग्रामीण) द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर PNC इंफ्राटेक कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज करने, उच्चस्तरीय जांच कराने और कंपनी का ठेका निरस्त करने की मांग की गई है। 
ज्ञापन में बताया गया है कि गेवरा ओपन कास्ट परियोजना के भटेरा फेस में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की घटना सामने आई है। आरोप है कि खदान के भीतर से लोडर के माध्यम से कोयला निकालकर उसे खुले मैदान में डंप किया गया और इसके लिए बाकायदा रास्ता भी बनाया गया। बाद में इस कोयले को ट्रैक्टरों के जरिए अज्ञात लोगों द्वारा ले जाया गया।
युवा कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि इस दौरान मौके पर PNC इंफ्राटेक कंपनी के कर्मचारी एवं CISF के जवानों की उपस्थिति भी रही, जिससे पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका और गहरी हो जाती है। संगठन ने इसे संगठित अवैध गतिविधि बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इन मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन:
- PNC इंफ्राटेक कंपनी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए।
- गेवरा परियोजना में हुई कोयला चोरी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
- मामले में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, CISF कर्मियों और अन्य बाहरी व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
- PNC इंफ्राटेक कंपनी का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
- भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहर एवं ग्रामीण) ने कहा कि यदि इस मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य महाप्रबंधक (CGM) गेवरा एरिया, पुलिस अधीक्षक (SP) कोरबा एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कोरबा को भी प्रेषित की गई है।











