छत्तीसगढ़/कोरबा :- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा छत्तीसगढ़ की पहली ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) जागरूकता रैली “ड्राइव फॉर अर्थ” का भव्य आयोजन किया गया। रैली को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महापौर संजू देवी राजपूत एवं राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के नेतृत्व में निकली रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
घंटाघर ओपन थिएटर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली इस रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा एवं ईंधन बचत, अधिकाधिक वृक्षारोपण, वृक्ष संरक्षण तथा सोलर ऊर्जा के उपयोग का संदेश दिया गया। प्रतिभागी हेलमेट पहनकर ई-स्कूटी, ई-बाइक और ई-कार के साथ रैली में शामिल हुए।
रैली के समापन पर पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर, कलेक्टर, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष, सभापति एवं निगम आयुक्त ने पर्यावरण संरक्षण, हरित कोरबा की संकल्पना और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान सभागार परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा विभिन्न संस्थाओं को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता का आह्वान किया गया।












