छत्तीसगढ़/कोरबा-पाली :- पाली क्षेत्र के पहाड़ गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पेड़ की भारी डगाल गिरने से तीन किशोर बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बच्चे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज हवा के कारण पेड़ की बड़ी डगाल टूटकर बच्चों के ऊपर आ गिरी।
हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को गंभीर हालत में पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था। इनमें से एक बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
एक साथ तीन किशोरो की मौत से पूरे पहाड़ गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है।
नौतपा के बीच आई बारिश जहां लोगों के लिए राहत लेकर आई थी, वहीं पहाड़ गांव में यही बारिश तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।













