राजयोग मेडिटेशन से नशामुक्त जीवन का संदेश,दिलाई नशामुक्ति की शपथ
छत्तीसगढ़/कोरबा :- विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा विश्व सद्भावना भवन एवं कोरबा रेलवे स्टेशन में व्यापक नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिकता, राजयोग मेडिटेशन और सकारात्मक जीवनशैली के माध्यम से नशे की लत से मुक्ति का संदेश दिया गया। 
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ सबरी सेवा संस्थान के संचालक भ्राता ए. केरकेट्टा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए घातक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर मूल्यनिष्ठ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। 
इस अवसर पर बी.के. रुकमणी दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति की आत्मिक शक्ति को कमजोर कर देता है, जबकि राजयोग मेडिटेशन मन को सशक्त बनाकर बुरी आदतों से मुक्ति दिलाने में सहायक सिद्ध होता है। वहीं बी.के. बिंदु दीदी ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी देते हुए कहा कि आध्यात्मिकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर व्यक्ति किसी भी व्यसन पर विजय प्राप्त कर सकता है।
बी.के. पूजा बहन ने कहा कि नशा क्षणिक सुख का भ्रम पैदा करता है, लेकिन जीवन में अनेक समस्याओं और रोगों को जन्म देता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बी.के. मधुबाला बहन ने उपस्थितजनों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। मेडिटेशन के माध्यम से आत्मिक शांति, मानसिक सशक्तिकरण तथा नशे जैसी बुरी आदतों से मुक्त होने के लिए सकारात्मक संकल्पों का अनुभव कराया गया।
इसके बाद बी.के. बिंदु दीदी ने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
रेलवे स्टेशन पर भी चला जागरूकता अभियान
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में कोरबा रेलवे स्टेशन में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टेशन मास्टर एवं ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ बहन बी.के. बिंदु दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
स्टेशन मास्टर ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इसके प्रति जागरूकता फैलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर नशामुक्ति प्रदर्शनी लगाकर यात्रियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ जीवनशैली के लाभों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले अनेक लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए जनजागरण अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।













