छत्तीसगढ़/कोरबा :- थाना कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटोरी-नगोई में भारतीय जनता पार्टी के नेता, जनपद सदस्य एवं ठेकेदार अक्षय गर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि यह हत्या व्यवसायिक और राजनीतिक रंजिश के चलते की गई थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी मिर्जा मुस्ताक अहमद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है। 
पुलिस के अनुसार, मृतक अक्षय गर्ग दिनांक 23 दिसंबर 2025 को अपने वाहन इनोवा (JH 05 DK 2244) से अपने ठेकेदारी कार्यस्थल ग्राम कटोरी-नगोई कैंप पहुंचे थे। सुबह करीब 10 बजे, जब वे अपने कैंप के मेश के पास मजदूरों से कामकाज को लेकर चर्चा कर रहे थे, तभी एक चार पहिया वाहन में सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे और लोहे की धारदार टंगिया व चाकू से अक्षय गर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। 
हमले में अक्षय गर्ग को सिर, हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल हरिकृष्ण अस्पताल, कटघोरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर मृतक के परिजन जय गर्ग पिता स्व. प्रदीप गर्ग की रिपोर्ट पर थाना कटघोरा में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 425/25 धारा 103(1), 238(ए), 61(2)(ए), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक श्री संजीव शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे और त्वरित विवेचना के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितिश ठाकुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर थाना कटघोरा, साइबर सेल एवं FSL टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। लगभग 7 से 8 घंटे की त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. मिर्जा मुस्ताक अहमद, पिता महमूद अहमद, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम मलदा, थाना कटघोरा
2. विश्वजीत ओग्रे, पिता स्व. नागेन्द्र ओग्रे, उम्र 21 वर्ष, निवासी सिंघिया कोरबी, थाना कटघोरा
3. गुलशन दास, पिता त्रिभुवन दास, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम मलदा, थाना कटघोरा
4. एक विधि से संघर्षरत बालक
आरोपियों की भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया कि मिर्जा मुस्ताक अहमद ने हत्या की पूरी योजना बनाई थी और सबसे पहले मृतक के पेट पर हमला किया। विश्वजीत ओग्रे ने लोहे की टंगिया से मृतक के सिर पर वार किया, जबकि गुलशन दास मृतक की आवाजाही की जानकारी मुख्य आरोपी को देता था।
हत्या के कारण
पुलिस के अनुसार हत्या के प्रमुख कारण निम्न हैं—
ठेकेदारी कार्य को लेकर व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता
पूर्व जनपद चुनाव में राजनीतिक टकराव
सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद
चुनाव जीतने के बाद मृतक के बढ़ते सामाजिक प्रभाव से आरोपी की स्थिति कमजोर होना
साक्ष्य जब्त
विवेचना के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लोहे की टंगिया, लोहे का चापड़, चार पहिया वाहन (CG 12 BF 4345), घटना के समय पहने कपड़े, मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
व्यवसायिक व राजनीतिक रंजिश में की गई थी बीजेपी नेता अक्षय गर्ग की हत्या, ठेकेदारी और चुनावी प्रतिद्वंद्वता के चलते मिर्जा मुस्ताक ने साथियों संग रची थी साजिश, नाबालिक सहित 4 गिरफ्तार


















