छत्तीसगढ़/कोरबा-बरपाली :- नवतपा की भीषण गर्मी के बीच बरपाली-तुमान फीडर अंतर्गत दर्जनों गांव पिछले 40 घंटे से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। बुधवार शाम आए आंधी-तूफान में 33 केवी और 11 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिसे अब तक बहाल नहीं किया जा सका है।
बरपाली, सलिहाभांठा, पकरिया, बंधवाभांठा और डोंगरीभांठा समेत कई गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। बोर मशीनें बंद होने से ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं, वहीं भीषण गर्मी में पंखे-कूलर बंद होने से लोगों की रातें जागकर कट रही हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग हर महीने मेंटेनेंस के नाम पर घंटों कटौती करता है, लेकिन पहली आंधी में ही पूरा सिस्टम जवाब दे गया। लोगों ने अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वहीं विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि स्टाफ की कमी के बावजूद लगातार सुधार कार्य किया जा रहा है।
स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।












