HomeBreaking Newsशहीद स्मारक पर नम आंखों से वीर जवानों को नमन, परिजनों का...

शहीद स्मारक पर नम आंखों से वीर जवानों को नमन, परिजनों का किया सम्मान

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद ज्योत्सना महंत सहित जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्प, जवानों ने दी सलामी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, जवानों और शहीदों के परिजनों ने वीर सपूतों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें नमन किया। 

- Advertisement -

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर तथा कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिस जवान और शहीद परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुलिस जवानों ने सलामी देकर वीर बलिदानियों के प्रति सम्मान प्रकट किया। 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सभी शहीद जवानों के नामों का वाचन किया और उनके बलिदान को स्मरण किया। शहीदों के नामों के वाचन के दौरान उपस्थित लोगों ने वीर जवानों की शहादत और देश के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया। 

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित सभी अतिथियों ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। देश सेवा में अपने प्रियजनों को खो चुके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा और सभी ने अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया। 

 

 

Must Read