छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में संगठित अपराध, नशा तस्करी, पॉक्सो अपराध, यातायात उल्लंघन एवं सड़क दुर्घटनाओं के विरुद्ध व्यापक और प्रभावी कार्रवाई की गई। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। 
संगठित अपराध पर कड़ी कार्रवाई
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 व 112 के तहत वर्ष 2024 में जहां केवल 2 मामलों में कार्रवाई हुई थी, वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 38 प्रकरण हो गया। इस प्रकार कुल 40 मामलों में संगठित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। 
POCSO एक्ट: बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्ती
बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर कठोर रुख अपनाते हुए वर्ष 2024 में 189 तथा वर्ष 2025 में 132 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, जिससे ऐसे अपराधों में कमी दर्ज की गई है। 
नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार
एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2025 में 26 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान 525.616 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है। 
नशीले पदार्थों के नष्टीकरण की ऐतिहासिक कार्रवाई
वर्ष 2025 में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए—
-
33,327.67 लीटर अवैध शराब
-
4,925.409 किलोग्राम गांजा
-
228 गांजा पौधे
-
3,009 नशीले सिरप
-
1,04,202 टैबलेट/कैप्सूल
-
2,623 इंजेक्शन/एम्पुल
को नष्ट किया गया।
PIT NDPS के तहत कार्रवाई
नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए वर्ष 2025 में 21 प्रकरण प्रस्तावित किए गए, जिनमें से 9 प्रकरण स्वीकृत हुए। 
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण
सड़क सुरक्षा अभियानों के चलते वर्ष 2025 में जिले में—
-
885 सड़क दुर्घटनाएं
-
374 लोगों की मृत्यु
-
770 लोग घायल हुए।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वर्ष 2025 में 30,704 चालान किए गए, जिससे ₹2.53 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया। ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष कार्रवाई की गई। 
ऑपरेशन मुस्कान: गुमशुदा लोगों की बरामदगी
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश हेतु चलाए गए अभियान में—
-
1,131 गुम इंसान
-
754 बरामद
-
66.66 प्रतिशत सफलता दर रही।

“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” जन-जागरूकता अभियान
जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले में 235 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 21,565 नागरिक लाभान्वित हुए। इनमें महिला-बाल सुरक्षा, स्कूल यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव एवं नशामुक्ति अभियान शामिल रहे। 
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि कोरबा पुलिस आगे भी अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

















