छत्तीसगढ/कोरबा :- नगर पालिका परिषद दीपका के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों में बरती जा रही अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपका के अध्यक्ष दिलीप सिंह ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दीपका क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था हेतु लगाए जा रहे पोल के कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है । 
क्या है पूरा मामला?
दिलीप सिंह ने बताया कि प्रकाश पोल स्थापना का कार्य पूरी तरह से स्वीकृत प्राक्कलन (Estimate) के विपरीत और गुणवत्ताहीन तरीके से कराया जा रहा है इस संबंध में पार्षद कमलेश जायसवाल द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी जिस पर संज्ञान लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने इंजीनियर को पत्र लिखकर तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे ।
प्रशासनिक लापरवाही और पारदर्शिता का अभाव
अत्यंत खेद का विषय है कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जांच कमेटी द्वारा रिपोर्ट जमा नहीं की गई और ना ही जानकारी दिया जा रहा है अध्यक्ष दिलीप सिंह ने आरोप लगाया कि:-
01. जांच रिपोर्ट की जानकारी न तो वार्ड पार्षदों को दी जा रही है और न ही जनप्रतिनिधियों व दीपका के आम जनता को ।
02. संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर वे संतोषजनक जवाब देने से बच रहे हैं ।
03. विभिन्न वार्डों 1, 4, 5, 6, 10, 11 में निविदा राशि में 22 लाख रुपये की अतिरिक्त वृद्धि कर दी गई जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है ।
जनता के हक की लड़ाई
दिलीप सिंह ने कड़े शब्दों में कहा नल-जल योजना में लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी जनता को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है वहीं साफ-सफाई और निर्माण कार्यों में मनमानी की जा रही है भ्रष्टाचार की यह जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए ताकि दीपका की जनता को सच्चाई का पता चल सके ।
7 दिनों का अल्टीमेटम
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर पोल एवं केबल कार्य की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो नगर पालिका का घेराव और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा इस दौरान होने वाले किसी भी जन-आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी ।











