नशामुक्ति गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में मादक पदार्थों की उपलब्धता, उपयोग एवं अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी कलेक्टर श्री आशुतोष पांडेय ने की।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शैक्षणिक परिसरों के आसपास प्रतिबंधित सामग्री का विक्रय किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्कूल एवं कॉलेज के आसपास अवैध रूप से तम्बाकू, नशीले पदार्थ एवं मनः प्रभावी दवाओं की बिक्री करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी कलेक्टर ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले की सभी मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जा चुके हैं। साथ ही नई मेडिकल दुकानों को लाइसेंस जारी करते समय भी सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य किए जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। मेडिकल स्टोर्स में स्वापक एवं मनः प्रभावी दवाओं के क्रय-विक्रय, पंजीकृत चिकित्सकों की पर्ची तथा दवा स्टॉक के मिलान की नियमित जांच की जा रही है।
उन्होंने औषधि निरीक्षक एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आपसी समन्वय के साथ सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। स्कूल, कॉलेज एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नशामुक्ति के लिए जारी राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 14446 तथा अवैध मादक पदार्थों की रिपोर्टिंग हेतु एंटी नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 का शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी कलेक्टर ने जिले के शैक्षणिक परिसरों को तम्बाकू मुक्त बनाए जाने के लिए कोटपा एक्ट के तहत स्कूल परिसर से 100 मीटर की दूरी के भीतर तम्बाकू उत्पादों के विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दोहराए। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कोटपा एक्ट के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

















